रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: बांकीमोंगरा के बाद कटघोरा में सड़क दुर्घटना

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 01:21 PM 2 मिनट में पढ़ें 5

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अनियंत्रित और भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है. पिछले 24 घंटों के भीतर जिले में ट्रेलर वाहनों की चपेट में आने से मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश पनप रहा है. ताजा घटनाक्रम में कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कसनिया स्थित जटगा मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने ओवरटेक करने की होड़ में बाइक सवार को बुरी तरह रौंद दिया. 


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि सुरक्षा के लिए पहना गया हेलमेट भी चालक के सिर को बचा न सका और वाहन का पहिया ऊपर से गुजरने के कारण सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डायल 112 की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. दुर्घटनाग्रस्त बाइक के पंजीयन नंबर के सहारे मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि वाहन चालक हादसे के तुरंत बाद गाड़ी छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया. 


पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को कब्जे में लेकर फरार चालक की पतासाजी शुरू कर दी है. क्षेत्र में लगातार भारी और ओवरलोड वाहनों की बेकाबू आवाजाही से नाराज लोगों का कहना है कि प्रशासनिक ढिलाई और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते आए दिन बेगुनाह लोग अपनी जान गंवा रहे हैं.


उल्लेखनीय है कि इस घटना से महज कुछ ही घंटे पहले बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में भी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था. 


सोमवार रात हुए उस भयानक हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी, जबकि दो अन्य की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. 


बांकीमोंगरा में हुए हादसे के बाद उग्र ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम भी किया था, जिसे देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद शांत कराया जा सका. कोरबा पुलिस ने दोनों ही मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP