कोरबा: सरेराह अपमान से आहत होकर नाबालिग लड़की ने दी जान
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बांकी मोंगरा SECL क्षेत्र की रोहिना बस्ती (वार्ड-56) में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की बुआ सरिता महंत ने आरोप लगाया है कि गाँव का ही एक युवक उनकी भतीजी को काफी समय से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी.
घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार दोपहर आरोपी युवक अचानक किशोरी के घर पहुँचा और उसे बाहर बुलाकर झगड़ा करने लगा. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने सरेआम किशोरी के बाल पकड़े और उसे थप्पड़ जड़ दिया.
हालाँकि, वहाँ मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और युवक वहाँ से चला गया, लेकिन इस सार्वजनिक अपमान को किशोरी सहन नहीं कर पाई और कुछ ही देर बाद वह घर के भीतर मृत पाई गई.
पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो किशोरी का जीवन पहले से ही काफी संघर्षपूर्ण था. साल 2021 में पिता के निधन के बाद से परिवार गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा था. घर चलाने के लिए माँ दूसरे राज्य में मजदूरी करने गई हुई हैं, जिसके कारण मृतका अपने भाई के साथ बुआ और नानी के यहाँ रहकर पढ़ाई कर रही थी.
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई नंदलाल टंडन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे. रात अधिक हो जाने के कारण शव को फिलहाल SECL अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है और मृतका की माँ के लौटने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
इधर, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से किशोरी का मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी कॉल डिटेल और चैट्स खंगाली जा रही हैं.
इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोरेंसिक जाँच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल आरोपी युवक मौका-ए-वारदात से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.