शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर बाड़ी के सेप्टिक टैंक में छिपाया शव

C

CG Khabar

21 सित. 2026, 01:47 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

AI Generated Photo
AI Generated Photo

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक के अंदर छुपा दिया. रक्षाबंधन के त्योहार पर जब महिला अपने मायके नहीं पहुंची, तब परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ.


मृतका की पहचान 33 वर्षीय संतोषी के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से बरपाली निवासी मनोज उरांव के साथ पत्नी की तरह रह रही थी. करीब 15 वर्ष पूर्व पति के निधन के बाद संतोषी की पहचान तीन साल पहले मनोज से हुई थी. परिजनों के अनुसार, आरोपी मनोज अत्यधिक नशे का आदी और सनकी स्वभाव का था.


बीते 27 अगस्त को किसी बात पर विवाद होने के बाद मनोज ने संतोषी के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद उसने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लाश को सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया.


अगले दिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व होने पर जब महिला का भाई रामभरोस उससे मिलने पहुंचा, तो आरोपी ने यह कहकर परिजनों को गुमराह कर दिया कि संतोषी एक दिन पहले ही घर छोड़कर कहीं चली गई है. 


कई दिनों तक कोई सुराग न मिलने पर जब शनिवार को परिजन जांच-पड़ताल करने मनोज के घर पहुंचे, तो बाड़ी स्थित सेप्टिक टैंक का ढक्कन थोड़ा खुला मिला और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी. 

परिजनों की सूचना पर पहुंची श्यांग थाना पुलिस ने रविवार सुबह कार्यपालिक दंडाधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और मेडिकल टीम की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया.


घटना के बाद से ही आरोपी मनोज घर में ताला लगाकर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं. 


थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा, वहीं फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP