कोरबा: पति की पत्थर के ओखल से सिर पर वार कर हत्या
कोरबा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या कर दी. यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान गाँव में हुई. पुलिस ने बताया कि आरोपी कविता यादव (37) का अपने पति मनहरण यादव (40) के साथ गुरुवार देर रात झगड़ा हुआ. यह कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई.
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में कविता ने पत्थर के ओखल (गेहूं और अन्य अनाज पीसने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक गोल पत्थर) से मनहरण के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. कविता पूरी रात पति के शव के साथ ही रही. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया. कटघोरा थाना के कर्मी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कविता को हिरासत में ले लिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनहरण शराब पीने का आदी था और अक्सर कविता पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाकर उससे झगड़ा करता था.
सहायक पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने पुष्टि की कि कविता ने पत्थर के ओखल से मनहरण पर वार किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई. उन्होंने कहा, "घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है." मनहरण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
याद दिला दें कि इसी साल नवंबर में जशपुर जिले के भिनजपुर गांव में भी एक महिला ने कथित तौर पर लोहे के हथौड़े से अपने पति की हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में भर दिया था. बाद में महिला ने अपनी बेटी को अपराध कबूल किया, जिसने अपने पति के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी थी.