कोरबा: राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप
कोरबा । संवाददाता: अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर के निर्माण और वहां आने वाले चढ़ावे को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. छत्तीसगढ़ के कोरबा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक साझा प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला.
कांग्रेस का आरोप है कि राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया से लेकर अब तक मिले दान के उपयोग में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं और गबन के मामले सामने आ रहे हैं. चूंकि यह विषय देश के करोड़ों लोगों की अगाध आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पूरे प्रकरण की पूरी पारदर्शिता के साथ उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए.
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने भूमि सौदों पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने से ठीक पहले वहां जमीनों की खरीद-फरोख्त में करोड़ों रुपये का भारी भ्रष्टाचार हुआ था.
हालांकि, बाद में मंदिर निर्माण के शोर में इस बेहद संवेदनशील मामले को दबा दिया गया. कांग्रेस नेताओं ने दोटूक शब्दों में कहा कि आम जनता की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अथवा आर्थिक हेराफेरी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी और भाजपा को इन तमाम आरोपों पर देश के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
भाजपा की राजनीति पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की बपौती नहीं हैं, बल्कि वे हर एक श्रद्धालु के आराध्य हैं.
देश-विदेश के करोड़ों रामभक्तों ने अपनी अटूट श्रद्धा के साथ मंदिर के लिए समर्पण निधि और चढ़ावा दिया है, जिससे इस भव्य मंदिर का निर्माण संभव हो सका.
इसके बावजूद, भाजपा धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास करती है. चुनाव नजदीक आते ही भाजपा नेता भगवान राम के नाम पर वोट बटोरने की सियासत शुरू कर देते हैं और मंदिर निर्माण को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में पेश करने लगते हैं, जो कि पूरी तरह से गलत है.