शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोंडागांव: तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, 1 की मौत, 2 गंभीर

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 02:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कार एक्सीडेंट
कार एक्सीडेंट

कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में कार चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है.


मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर रोडवेज की एक बस जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान घोड़ा गांव के नजदीक बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी. 


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे बने जंगल में जा घुसी. हादसे का शिकार हुए लोग कोंडागांव से गीदम की ओर जा रहे थे.


हादसे के वक्त मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, बस की गति बहुत तेज थी और टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजने का इंतजाम किया. 


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात बहाल कराया.


इस दर्दनाक हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में बसों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया. लोगों का कहना है कि तेज गति से चलने वाली बसें लगातार हादसों का सबब बन रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि सड़कों पर बसों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए और लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP