पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने क्यों लिया छत्तीसगढ़ का नाम ?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने क्यों लिया छत्तीसगढ़ का नाम ?
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के माओवादी आंदोलन को लेकर अब पाकिस्तान ने भी भारत पर तंज कसने की कोशिश की है. पहलगाम हमले में अपनी भूमिका से इंकार करते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि यह भारत का आंतरिक मामला है.
पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा-"पाकिस्तान का इससे कोई ताल्लुक नहीं है. कथी तौर पे यह सारी होम ग्रोन है. इंडिया के खिलाफ जो है, मुख्तलिफ जो उनकी सो कॉल्ड रियासतें हैं, उनमें बगावतें हुई हुई हैं. एक नहीं, दो नहीं, दर्जनों के हिसाब से. नागालैंड से लेकर कश्मीर तक और साउथ में, छत्तीसगढ़ में, मणिपुर में, इन सारी जगहों पर हिंदुस्तान की जो दिल्ली में जो हुकूमत है, उसके खिलाफ बगावत हुई हुई है और ये होम ग्रोन है. लोग अपने हुकूक मांग रहे हैं. "
ख्वाजा आसिफ ने भारत पर तंज कसते हुए कहा-"एक हिंदुत्वा वाली हुकूमत, जो लोगों को एक्सप्लोइट कर रही है, माइनॉरिटी को जिसमें मुसलमान भी हैं, जिसमें क्रिश्चियन भी हैं, जिसमें बुद्धिस्ट भी हैं. उनको एक्सप्लाइट कर रही है. उनका कत्ल-ए-आम कर रही है. ये उसके ख़िलाफ़ बगावत है. जिस वजह से इस किस्म की एक्टिविटीज हो रही है. हमसे इसका ताल्लुक नहीं है. हम किसी भी सूरत में टेररिज्म को सपोर्ट नहीं करते."
उन्होंने कहा- "लोकल जंगों में आम लोग इस तरह से निशाना नहीं बनने चाहिए, इसमें कोई शक की कोई गुंजाइश नहीं है. लेकिन अगर कहीं पर जो फौज है या पुलिस है जो जुल्म ढा रही है वहां पर हिंदुस्तान में लोकल लोगों में जो अपने अधिकार मांग रहे हैं तो वो बगावत कर रहे हैं और हथियार उठा रहे हैं तो इसमें पाकिस्तान को इल्जाम लगाना तो बहुत आसान है."