कटघोरा: गहरे कुएं में गिरा भालू, देर रात सुरक्षित बाहर निकाला गया
कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत आने वाले केंदई परिक्षेत्र के छिंदिया गांव में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक भालू अचानक खुले कुएं में जा गिरा. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात करीब 12 बजे तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद भालू को बिना किसी चोट के सकुशल बाहर निकाल लिया.
कुएं से निकलते ही भालू ने सीधे पास के जंगल की ओर रुख कर लिया, जिसके बाद ग्रामीणों और वन अमले ने राहत की सांस ली.
रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए वन विभाग को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा. कुएं की गहराई और भालू के भयभीत होने के कारण शुरुआती पारंपरिक तरीके व रस्सियों का इस्तेमाल सफल नहीं हो सका. इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर कुएं के एक तरफ की मिट्टी खोदकर ढलान बनाई गई और अंदर एक मजबूत बांस की सीढ़ी उतारी गई.
भालू को शांत रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आसपास मौजूद ग्रामीणों की भीड़ को दूर कर पूरे इलाके को खाली कराया गया, ताकि उसे ऊपर आने का रास्ता मिल सके. अंततः ढलान और सीढ़ी के सहारे भालू खुद बाहर निकल आया.
यह पूरा अभियान कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देश और उप वनमंडलाधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चलाया गया. इसमें रेंजर अभिषेक कुमार दुबे सहित वनपाल शारदा प्रसाद शर्मा, मंगल सिंह नायक, वनरक्षक गंगाराम नेताम, अशोक श्रीवास, मुरारी लाल साहू, प्रहलाद सिदार और हाथी मित्र दल के संदीप उइके व भोला यादव ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सक्रिय योगदान दिया.
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के फंसने पर भीड़ एकत्र न करें और खुद रेस्क्यू करने के बजाय तुरंत विभाग को सूचित करें. साथ ही हादसों से बचाव के लिए खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार बनाने का आग्रह किया गया है.