जियो ने बंद किए सबसे सस्ते रिचार्ज पैक
मुंबई । डेस्क: रिलायंस जियो ने अपने दो सबसे सस्ते रिचार्ज प्लान, 209 रुपये और 249 रुपये वाले पैक को बंद कर दिया है. एक के बाद जियो ने ग्राहकों को झटके दिए हैं. इस बार का झटका उन छोटे ग्राहकों को है, जो कम पैसे के रिचार्च से काम चलाया करते थे.
कंपनी ने अब दैनिक 1 जीबी डेटा वाले एंट्री-लेवल प्लान को हटाकर इसके बजाय दैनिक 1.5 जीबी डेटा वाले रिचार्ज पैक शुरू किए हैं. अब 209 रुपये की जगह 239 रुपये और 249 रुपये की जगह 299 रुपये का रिचार्ज प्लान उपलब्ध है.
जियो का सबसे सस्ता रिचार्ज प्लान अब 239 रुपये का है, जिसकी वैधता 22 दिनों की है. इस प्लान में प्रतिदिन 1.5 जीबी हाई-स्पीड डेटा मिलेगा, यानी कुल 33 जीबी हाई-स्पीड डेटा. इसके अलावा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और प्रतिदिन 100 एसएमएस की सुविधा उपलब्ध होगी. ग्राहकों को जियो टीवी और जियो एआई क्लाउड का मुफ्त सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा.
299 रुपये का प्लान 28 दिनों की वैधता के साथ आता है, जो अब सबसे सस्ता 28-दिन वाला प्लान है. इसमें प्रतिदिन 1.5 जीबी हाई-स्पीड डेटा (कुल 42 जीबी), अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, और प्रतिदिन 100 मुफ्त एसएमएस की सुविधा मिलेगी. साथ ही, जियो टीवी और जियो एआई क्लाउड का सब्सक्रिप्शन भी शामिल है.
अन्य प्लान
जियो ने 28 दिनों की वैधता वाला एक और प्लान पेश किया है, जिसकी कीमत 329 रुपये है. इसमें 299 रुपये वाले प्लान जैसी सुविधाएँ हैं, लेकिन अतिरिक्त रूप से JIOSAAVN PRO का सब्सक्रिप्शन शामिल है. इसके अलावा, 319 रुपये का एक मासिक प्लान भी है, जिसमें 299 रुपये वाले प्लान जैसी ही सुविधाएँ हैं.
28 दिनों की वैधता वाले दो प्लान हैं जो प्रतिदिन 2 जीबी हाई-स्पीड डेटा प्रदान करते हैं, जिनकी कीमत 349 रुपये और 445 रुपये है. वहीं, प्रतिदिन 2.5 जीबी हाई-स्पीड डेटा वाला 28-दिन का प्लान 399 रुपये में उपलब्ध है, जिसमें True 5G डेटा की सुविधा भी शामिल है. इस प्लान की अन्य सुविधाएँ 299 रुपये वाले प्लान जैसी ही हैं, लेकिन डेटा की मात्रा अधिक है.