जशपुर: नाबालिग की तस्करी का मुख्य आरोपी 4 साल बाद गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े मामले में चार साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को जशपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर 20,000 रुपये में राजस्थान में बेचने की साजिश रचने का आरोप है.
रायगढ़ पुलिस द्वारा भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत यह कामयाबी मिली है.
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, यह मामला जून 2022 का है, जब धरमजयगढ़ थाने में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि लड़की को रेलवे सुरक्षा बल ने मध्य प्रदेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से रेस्क्यू किया था. उस समय वह दो संदिग्धों के साथ यात्रा कर रही थी, जिन्हें पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया था.
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जा रहे थे, जहां उसे शादी के बहाने बेचने की योजना थी.
इस मामले में पुलिस ने मानव तस्करी, आपराधिक साजिश और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था.
साल 2022 में ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि मुख्य साजिशकर्ता रामा चौहान तभी से फरार चल रहा था. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसके पैतृक गांव जोराडोल (जशपुर) में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.