शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तस्करों के चंगुल से छुड़ाए गए 48 गौवंश

C

CG Khabar

17 फ़र. 2026, 03:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पशु तस्करी
पशु तस्करी

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है. 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत मुस्तैद लोदाम थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़े ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें तस्करों ने क्रूरतापूर्वक 48 गौवंशों को भर रखा था. 


हालांकि, अंधेरे का लाभ उठाते हुए तस्कर घने जंगलों की ओर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह भारी संख्या में पशुओं को ट्रक में लादकर झारखंड की सीमा में प्रवेश करने की फिराक में है. 


इस इनपुट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लोदाम थाना प्रभारी हर्षवर्धन चौरासे के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रमुख रास्तों पर कड़ी नाकाबंदी कर दी. पुलिस को सामने देख तस्कर घबरा गए और वाहन को सड़क पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए.


जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा बेहद वीभत्स था. मवेशियों को रस्सियों से इस कदर जकड़कर ठूंसा गया था कि कई पशु दम घुटने की स्थिति में थे. 


पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल सभी गौवंशों को बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराया. राहत कार्य के बाद सभी 48 पशुओं को सुरक्षित रूप से स्थानीय गौशाला पहुंचा दिया गया है. 


फिलहाल, पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के जरिए आरोपियों के गिरोह का पता लगाया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP