जशपुर पुलिस ने 30 लाख के गांजे के साथ बिहार का तस्कर पकड़ा
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. मुखबिर और टेक्निकल टीम से मिली सटीक सूचना के आधार पर बागबहार पुलिस ने 31 अगस्त की तड़के 4 से 5 बजे के बीच गांधी चौक के पास जबरदस्त घेराबंदी की.
इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध वेन्यू कार (UP-91-U 6302) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए. कार की डिक्की से खाकी प्लास्टिक टेप में लिपटे हुए 60 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 60 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था.
पुलिस ने मौके से ही कार चालक को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में आरोपी की पहचान समस्तीपुर (बिहार) निवासी 27 वर्षीय विकास चौधरी के रूप में हुई है, जो हाल के दिनों में गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में रह रहा था.
आरोपी ने शुरुआती जांच में कबूल किया कि वह इस खेप को ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की फिराक में था. फिलहाल पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के तार तलाशने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गांजा किसने सप्लाई किया था और यूपी में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी.
इस पूरी कार्रवाई में जब्त किए गए 60 किलो गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 10 लाख रुपए मूल्य की वेन्यू कार को भी जब्त कर लिया गया है.
कुल 40 लाख रुपए की संपत्ति सीज करते हुए बागबहार थाना पुलिस ने आरोपी विकास चौधरी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है.