शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: नाबालिग छात्रा को भगाने वाला ओडिशा से गिरफ्तार

C

CG Khabar

23 मार्च 2026, 04:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी गिरफ्तार- जशपुर
आरोपी गिरफ्तार- जशपुर

जशपुर । डेस्क: जशपुर जिले के कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पड़ोसी राज्य ओडिशा से धर दबोचा है और पीड़िता को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. 


आरोपी युवक,22 वर्षीय इष्टा राणा को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.


मामले का खुलासा तब हुआ जब बीते 25 फरवरी को परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्षीय बेटी स्कूल जाने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. 


सहेलियों से पूछताछ में पता चला कि छात्रा परीक्षा देने केंद्र जा रही थी, तभी रास्ते में लघुशंका का बहाना बनाकर वह अपनी सहेलियों से अलग हो गई और फिर लापता हो गई. 


पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल की मदद से जांच शुरू की, जिससे आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली.


जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी इष्टा राणा ने फोन के जरिए नाबालिग से जान-पहचान बढ़ाई थी. 


उसने लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झूठा वादा किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ओडिशा ले गया, जहाँ उसने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी के चंगुल से बालिका को मुक्त कराया. 


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस बेहद सख्त है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP