रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर में कांग्रेस ने मोदी सरकार के नीतियों को कोसा

C

CG Khabar

20 मई 2026, 01:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

जशपुर-कांग्रेस
जशपुर-कांग्रेस

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर में कांग्रेस ने देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष और जिला संगठन प्रभारी भानू प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया. 


उन्होंने कहा कि देश में आज जो भी आर्थिक चुनौतियां और महंगाई देखने को मिल रही है, वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की गलत रणनीतियों का ही परिणाम है.

विज्ञापन


कांग्रेसी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों और उनके बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एक तरफ देश की जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने और विदेश यात्राएं कम करने की अपील करते हैं, तो दूसरी तरफ वे खुद पांच देशों के दौरे पर चले जाते हैं. 


उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी ने संकट के समय खुद त्याग कर जनता के सामने मिसाल पेश की थी, जबकि वर्तमान सरकार में मंत्रियों के काफिले कम करने के दावे सिर्फ तस्वीरों तक ही सीमित रह गए हैं. 


इसके साथ ही उन्होंने देश में गहराते ऊर्जा और कृषि संकट के लिए केंद्र की कमजोर विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया, जिसके कारण किसानों को खाद और डीजल की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है.


प्रेस वार्ता में केवल राष्ट्रीय मुद्दे ही नहीं, बल्कि स्थानीय आदिवासियों की जमीन से जुड़ी कथित गड़बड़ियों का मामला भी जोर-शोर से उठा. 


भानू प्रताप सिंह ने जशपुर को एक अधिसूचित क्षेत्र बताते हुए कहा कि प्रशासन आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है. 


इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस ने राज्यपाल से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है. वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज ने साफ कर दिया कि ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरोध में पेट्रोल पंपों पर चल रहा प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा और पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरकर अपना आंदोलन तेज करेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP