शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: दो किशोरों को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

C

CG Khabar

25 अग. 2026, 02:56 AM 1 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बतौली-बगीचा मार्ग पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कैलाश गुफा में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे दो दोस्त तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए. इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 15 वर्षीय किशोर राहुल बिंझिया की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया है.


ग्राम बिलासपुर के पास शाम लगभग 7 बजे हुई इस घटना में सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों युवकों की बाइक को सीधी टक्कर मार दी. 


राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया. 


राहुल उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा का निवासी था और अपने साथी सुनील के साथ सावन के अंतिम सोमवार पर जल चढ़ाने की तैयारी में निकला था.


इस हादसे ने राहुल के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. सोमवार को राहुल का 15वाँ जन्मदिन था, लेकिन जन्मदिन की खुशियों से ठीक एक दिन पहले उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही पूरे गाँव और परिवार में मातम पसर गया है. पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP