रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: 700 ट्रैक्टर रेत जब्त, दो पर केस दर्ज

C

CG Khabar

26 जून 2026, 03:31 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

 700 ट्रैक्टर रेत जब्त
700 ट्रैक्टर रेत जब्त

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंतरराज्यीय सीमा पर सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ खनिज विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुत्रीचौरा और पोड़ी गांवों में छापेमारी कर विभाग ने करीब 700 ट्रैक्टर अवैध रेत का जखीरा बरामद किया है. 


इस मामले में संलिप्त दो स्थानीय रसूखदारों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. सहायक खनिज अधिकारी विवेक साहू ने साफ किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

विज्ञापन


खनिज विभाग की इस बड़ी घेराबंदी की शुरुआत पुत्रीचौरा इलाके से हुई, जहां शंख नदी से बेधड़क बालू का अवैध खनन कर उसे डंप किए जाने की खबरें लगातार आ रही थीं. इन रिपोर्ट्स को संज्ञान में लेते हुए खनिज निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया. 


टीम ने जब पुत्रीचौरा के गोठान और उसके आसपास की जमीनों पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. माफियाओं ने वहां करीब 500 ट्रैक्टर रेत का अवैध पहाड़ खड़ा कर रखा था, जिसे टीम ने तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया.


पुत्रीचौरा में मिली इस सफलता के बाद खनिज विभाग की टीम ने पास के ही पोड़ी गांव में भी छापा मारा. यहां भी टीम को भारी मात्रा में अवैध स्टॉक मिला, जहां लगभग 200 ट्रैक्टर रेत छिपाकर रखी गई थी. 


अधिकारियों ने इस पूरी रेत को भी तत्काल जब्त कर लिया और सुरक्षा के लिहाज से इसे स्थानीय पंचायत की सुपुर्दगी में सौंप दिया है. 


इस पूरे अवैध भंडारण के खेल में कमलेश सिंह और राजा सिंह नाम के दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनके खिलाफ भारी-भरकम जुर्माना लगाने की प्रक्रिया जारी है.


जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे इस अभियान के आंकड़े बताते हैं कि प्रशासन इस मुद्दे पर कितना गंभीर है. पिछले साल सितंबर 2025 से लेकर जून 2026 तक के आंकड़ों पर गौर करें तो अकेले अवैध रेत भंडारण के ही 9 बड़े मामले दर्ज किए जा चुके हैं. 


इनमें से 4 मामलों का निपटारा करते हुए दोषियों से 4 लाख 16 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है, जबकि पुत्रीचौरा और पोड़ी समेत तीन अन्य मामलों में अभी कानूनी प्रक्रिया चल रही है.


इसके अलावा, सिर्फ अवैध भंडारण ही नहीं बल्कि सीधे तौर पर नदियों का सीना चीरने वाले अवैध उत्खनन कर्ताओं पर भी शिकंजा कसा गया है. विभाग ने अवैध रेत उत्खनन के 11 अलग-अलग मामलों में अब तक 1 लाख 17 हजार 52 रुपये का जुर्माना वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराया है. 


खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट को पूरी तरह रोका जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP