रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: आकाशीय बिजली से 27 मवेशियों की मौत, दो महिलाएं झुलसीं

C

CG Khabar

01 जून 2026, 02:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

मवेशी मरे
मवेशी मरे

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रकृति का भीषण रूप देखने को मिला, जहां तपकरा तहसील के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है. शनिवार सुबह हुए इस वज्रपात की चपेट में आने से कुल 27 पालतू पशुओं की असमय मौत हो गई, जबकि दो चरवाहा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. 


इस हादसे के बाद से प्रभावित ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है और उन्होंने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है.

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान पुराइनबंध ग्राम के समीप जंगलों में ललिता पैकरा और उर्मिला पैकरा अपनी बकरियों और मवेशियों को चरा रही थीं. 


पानी से बचने के लिए दोनों महिलाएं पशुओं सहित एक बरगद के पेड़ की ओट में खड़ी हो गईं, तभी अचानक पेड़ पर आसमानी बिजली आ गिरी. इस दिल दहला देने वाले हादसे में 12 बकरियों और 3 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों महिलाएं झुलस गईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया.


वज्रपात की दूसरी घटना अमडीहा ग्राम पंचायत के होंनहाई बगीचा इलाके में हुई. यहां भी कई ग्रामीण अपने पशुओं को चराने निकले थे कि तभी कड़कती बिजली की चपेट में आने से सात अलग-अलग पशुपालकों के 12 मवेशी काल के गाल में समा गए.


बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसों की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पंचनामा तैयार कर लिया है और नुकसान के आकलन के आधार पर आगे की राहत राशि तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP