जांजगीर: युवती को ब्लैकमेल करने वाला बिहार से गिरफ्तार
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोशल मीडिया के जरिए एक युवती को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है. सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सुरागों के आधार पर कार्रवाई की और मुख्य आरोपी अकबर खान (20 वर्ष) को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
पुलिस इस मामले में संलिप्त दो स्थानीय सह-आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम पर पीड़िता से दोस्ती की थी. बातों-बातों में उसने युवती को अपने भरोसे में लिया और फिर उससे मिलने जांजगीर पहुंच गया.
यहां उसने धोखे से युवती की कुछ बेहद निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. इसके बाद आरोपी ने अपना असली रंग दिखाते हुए पीड़िता को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और इन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर 70 हजार रुपये की फिरौती मांगी.
जब पीड़िता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए उन निजी वीडियो और तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया.
इस मानसिक प्रताड़ना और बदनामी से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और जांजगीर कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने फौरन एक्शन लिया और आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने उसके कब्जे से ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें पीड़िता के वीडियो और वह इंस्टाग्राम अकाउंट लॉग-इन था जिससे तस्वीरें वायरल की गई थीं. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.