जैजैपुर विधायक बालेश्वर गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया
जांजगीर-चांपा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया. कुछ देर बाद मुचलका जमानत पर रिहा कर दिया गया.
विधायक बालेश्वर साहू पर पड़ोसी से मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज हुआ था. विधायक ने भी पड़ोसी के खिलाफ काउंटर केस कराया था.
दरअसल, कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू और उनके पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के बीच एसी के आउटडोर यूनिट हटाने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद चंद्रशेखर राठौर ने 11 जून को चांपा थाने में इसकी लिखित शिकायत की थी.
चंद्रशेखर का आरोप था कि विधायक साहू ने उनके मकान की दीवार पर जबरन एसी का आउटर यूनिट लगवा दिया. कई बार मना करने के बाद भी उन्होंने यूनिट को नहीं हटवाया. विधायक के घर काम कर रहे मजदूरों से एसी हटाने को कहा तो विधायक वहां पहुंच गए और प्रार्थी से विवाद किया और गाली-गलौज की.
घटना के दौरान चंद्रशेखर के जीजा हेमंत मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहे थे, जिसे देखकर विधायक ने मोबाइल छीनकर रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी. विरोध करने पर हेमंत राठौर को 6–7 थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी.
विवाद के बाद चंद्रशेखर राठौर ने चांपा थाने में विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
वहीं विधायक बालेश्वर साहू ने भी अपने पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस ने जांच कराई तो चंद्रशेखर की शिकायत सही पाई गई. इसके बाद आरोपी विधायक बालेश्वर साहू को गिरफ्तार किया गया. प्रकरण जमानतीय होने से उन्हें मुचलका जमानत पर रिहा भी कर दिया गया. पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना विधानसभा अध्यक्ष को भेज दी थी.