शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: प्रशिक्षु DSP के गनमैन ने खुद को मारी गोली, घायल

C

CG Khabar

17 अग. 2026, 02:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

विजय जेना
विजय जेना

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के पथरागुड़ा इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा की सुरक्षा में तैनात गनमैन विजय जेना ने अपनी ही सर्विस राइफल से गोली चला दी. अचानक हुई फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. 


उन्होंने घायल आरक्षक को आनन-फानन में महारानी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.


मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय आरक्षक विजय जेना बीते कुछ समय से गंभीर पारिवारिक कलह का सामना कर रहे थे और मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे. 


उन्होंने इस स्थिति का जिक्र विभाग के अपने कुछ सहयोगियों से भी किया था. सोमवार को घर में फिर से हुए विवाद के बाद उन्होंने अपनी इंसास राइफल को कंधे पर रखकर ट्रिगर दबा दिया. 

खुशकिस्मती से गोली उनके कंधे को छूती हुई निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और उनकी जान बच गई.


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी और पुलिस बल तुरंत हरकत में आया. आला अधिकारियों की एक टीम महारानी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से घायल आरक्षक के स्वास्थ्य का हाल-चाल ले रही है. 


चिकित्सकों ने पुष्टि की है कि आरक्षक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. पुलिस प्रशासन ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP