जगदलपुर: मंत्री केदार कश्यप का एक्सीडेंट, 4 जवानों समेत 6 घायल
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर और कोंडागांव की सीमा पर जूनवानी के पास रविवार दोपहर एक भयानक सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए. फरसागुड़ा से कोंडागांव की तरफ बढ़ रहे मंत्री के काफिले के सामने अचानक विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आ पहुंची और सीधे मंत्री की गांड़ी से जा टकराई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बेकाबू होकर तुरंत पीछे आ रहे फॉलो वाहन में जा घुसी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.
इस जबरदस्त दुर्घटना में मंत्री के काफिले के तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें मंत्री के पीए, चालक और एक महिला सहित सुरक्षा में तैनात 4 पुलिस जवान शामिल हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को त्वरित उपचार के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से चोटिल चार जवानों को बेहतर डॉक्टरी देखभाल के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है.
घटना में मंत्री केदार कश्यप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है. मंत्री कश्यप खुद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घायलों का हाल-चाल जानने कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे. इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाकारित स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.