शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: दीपक बैज बोले- बिजली निजीकरण के खिलाफ चलेगा आंदोलन

C

CG Khabar

30 अग. 2026, 02:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

दीपक बैज
दीपक बैज

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने यूसीसी, बिजली के निजीकरण और सरकारी भर्तियों में हो रही गड़बड़ियों पर तीखा हमला बोला है. बैज का आरोप है कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की आड़ में बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों के आदिवासियों को संविधान से मिले विशेष अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है. 


कांग्रेस पार्टी इसका हर स्तर पर कड़ा विरोध करेगी. इसके साथ ही जगदलपुर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की जा रही है, जिसके बाद प्रदेश के सभी पांचों संभागों में ब्लॉक स्तर के नेताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा.


युवाओं और सरकारी नौकरियों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद से निष्पक्ष परीक्षाएं कराना चुनौती बन गया है. कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक प्रकरण सहित आरक्षक, वनरक्षक, आरआई प्रमोशन, पीडब्ल्यूडी सब-इंजीनियर और पीएससी एएसआई भर्तियों में सामने आई अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है.


बिजली के मोर्चे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने और 400 यूनिट तक मिलने वाली छूट को समाप्त करने के बाद अब बिजली कंपनियों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बढ़ती दरों और निजीकरण की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी जल्द ही 'बिजली सत्याग्रह' आयोजित कर जनआंदोलन खड़ा करेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP