जगदलपुर: ओडिशा से तस्करी कर लाया गया 12.27 लाख का गांजा जब्त
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नगरनार थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 24.545 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 12 लाख 27 हजार 250 रुपये बताई जा रही है.
मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को 23 अगस्त को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फारेस्ट नाका धनपुंजी के आसपास घेराबंदी की. वहां बैग, थैला और प्लास्टिक बोरी लेकर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे दो युवकों को हिरासत में लिया गया.
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों की पहचान भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तुरपुरा निवासी चुमन बघेल और ग्राम कुम्हली निवासी बेनूधर कश्यप के रूप में हुई. जब पुलिस टीम ने उनके पास मौजूद बैग और बोरियों की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को ओडिशा से लेकर आए थे.
पुलिस ने मौके पर ही पूरे मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)ii(ग) के तहत मामला पंजीकृत किया.