जगदलपुर: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, युवक की मौत
बस्तर । संवाददाता: बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोकापाल पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक की जान चली गई. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मोटरसाइकिल दो टुकड़ों में टूट गई और उसका अगला पहिया कई फीट दूर जा गिरा.
टक्कर के बाद युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिशों में जुटी हुई है, क्योंकि तलाशी के दौरान युवक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके.
इसके लिए आसपास के सभी थानों में भी सूचना और हुलिया भेज दिया गया है. इसके साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक तोकापाल की दिशा से जगदलपुर की तरफ आ रहा था, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.