स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के इंटर्न चिकित्सकों का पिछले 15 दिनों से जारी आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है. स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के साथ हुई लंबी चर्चा और मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने का फैसला किया.
मंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया के जरिए इस बैठक और आंदोलन के खत्म होने की जानकारी दी, जिसके बाद अब इंटर्न डॉक्टरों को शासन के औपचारिक फैसले का इंतजार है.
दरअसल, मेडिकल कॉलेज परिसर में तंबू गाड़कर विरोध दर्ज करा रहे ये इंटर्न चिकित्सक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की एक सूत्रीय मांग पर अड़े हुए थे.
चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह 15,900 रुपये का स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाना चाहिए. अन्य राज्यों में मिलने वाले भत्ते की तुलना में छत्तीसगढ़ में इंटर्न और पीजी रेजिडेंट्स को कम राशि दी जा रही है.
पूर्व में शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई हल न निकलने पर डॉक्टरों को यह सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा था.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय बुलाकर कई घंटों तक उनकी समस्याओं को सुना. बैठक में मांगों को जल्द पूरा करने के आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टरों ने मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए काम पर लौटने का निर्णय लिया.