रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर में 50 लाख की अवैध शराब जब्त

H

Hupendra Sharma

05 अग. 2025, 01:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

शराब जब्त
शराब जब्त

जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने अवैध तरीके से परिवहन की जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी है. शराब को ट्रक में भरकर पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था. पुलिस ने ट्रक से 734 कार्टून (6588 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद की है. जिसकी कीमत 50 लाख से अधिक आंकी गई है. 


एसएसपी शशि मोहन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी पास एक ट्रक में अवैध तरीके से शराब परिवहन किया जा रहा है.

विज्ञापन


इसी सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर जशपुर सीमा से गुजरने से पहले ही ट्रक को पकड़ लिया. ट्रक की तलाशी ली गई तो ट्रक में शराब पाया गया.


पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम चिमाराम बताया. वह राजस्थान के बाड़मेर जिला का रहने वाला है.


ड्राइवर से शराब परिवहन के दस्तावेज मांगे, तो वह पेश न कर सका. इसके बाद ट्रक को थाना परिसर लाया गया.


पुलिस ने ट्रक सहित जब्त शराब की कीमत 66 लाख का रुपये आंकी है.


पुलिस ने ट्रक से रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू, मैक्डॉवेल नंबर 1 इन ब्रांडों की कुल 734 कार्टून जब्त की है, जिनमें कुल 6588 लीटर शराब भरी हुई थी.


पुलिस के मुताबिक यह शराब पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा से निकली थी. इसे चंडीगढ़, लखनऊ, अंबिकापुर, जशपुर और रांची होते हुए बिहार पहुंचाया जाना था.


आरोपी चालक के मुताबिक शराब की खेप को उसे रांची पहुंचाना था. उसे हिमाचल प्रदेश से रांची तक की ड्राइविंग के लिए 45 हजार रुपए दिए गए थे.


रांची से उस शराब की खेप को बिहार लेकर कोई और ड्राइवर जाता. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP