रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

तय समय सीमा में होगा नक्सलवाद का खात्मा- गृहमंत्री

माओवादी कैसे दे रहे हाईवे पर घटनाओं को अंजाम- गृहमंत्री

H

Hupendra Sharma

12 जून 2025, 12:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

गृहमंत्री
गृहमंत्री

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एक तरफ माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में जवानों को सफलता मिल रही है, वहीं अपने बड़े नेताओं को खोने से नाराज माओवादी नेशनल हाईवे के पास घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. 


पिछले कुछ महीनों में माओवादियों ने अलग-अलग नेशनल हाईवे में चार बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है.

विज्ञापन


एक घटना में कोंटा के एडिशनल एसपी आकाश राव गिरीपुंजे की शहादत हो गई.


माओवादियों के स्मॉल एक्शन की टीम के द्वारा नेशनल हाईवे के पास इन घटनाओं को अंजाम देने से पुलिस भी सकते में है.  


गुरुवार को जगदलपुर पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने पत्रकारों के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि नेशनल हाईवे में हुई सभी घटनाओं की जांच करने के साथ इसकी समीक्षा की जाएगी. आखिर माओवादी कैसे नेशनल हाईवे के समीप आकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.


निर्धारित समय पर बस्तर से होगा नक्सलवाद समाप्त

गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर बस्तर में नक्सलवाद को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले ही कह दिया था कि नक्सलवाद के विरुद्ध हम जीरो टॉलरेंस रखेंगे. उनके बयान के बाद केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार बनने के बाद अच्छे तालमेल से माओवादियों के खिलाफ काम किया जा रहा है. इसी का नतीजा है कि साल 2025 में पुनर्वास करने वालों की संख्या, गिरफ्तार माओवादियों के मुकाबले अधिक है.


उन्होंने कहा कि लगातार माओवादियों के खिलाफ जवानों के द्वारा चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन से यह स्पष्ट है कि निर्धारित समय में प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त होगा. इसमें कोई दो राय नहीं हैं.


नेशनल हाइवे पर हुई नक्सल वारदातों की होगी जांच

डिप्टी सीएम ने कहा कि बस्तर में लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन से सशस्त्र माओवादियों की संख्या कम होती जा रही है. वर्तमान में 300 सशस्त्र माओवादी बचे हैं. वहीं उनके कुछ समर्थक भी हैं.


उन्होंने कहा कि माओवादी संगठन को लगातार हो रहे नुकसान से बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा दंतेवाड़ा और कांकेर के सीमावर्ती इलाकों में ही उनकी मौजूदगी बनी हुई है. इन सबका चिन्हांकन कर लिया गया है.


उन्होंने माओवादियों से एक बार फिर अपील करते हुए कहा कि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट जाएं, वरना अंजाम भुगतने को तैयार रहें. 


नेशनल हाईवे के समीप घटनाओं को अंजाम देने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि अपने बड़े नेताओं के मारे जाने से माओवादी बौखलाए हुए हैं और उनकी स्मॉल एक्शन टीम इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रही है. हालांकि कोंटा में हुई घटना में एडिशनल एसपी आकाश राव की जान चली गई, यह बड़ी ही दु:खद घटना है.  


उन्होंने कहा कि इसके अलावा नेशनल हाइवे 63 में बीजापुर के भैरमगढ़ में ट्रक में आगजनी, जवानों से भरी पिकअप वाहन को ब्लास्ट कर उड़ाने की कोशिश और बीजापुर के भैरमगढ़ में नेशनल हाईवे पर आगजनी और जवानों पर फायरिंग के मामले की जांच और समीक्षा की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP