राजा रघुवंशी हत्याकांड पर फिल्म 'हनीमून इन शिलांग'
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए सनसनीखेज राजा रघुवंशी हत्याकांड की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देगी. राजा के भाई विपिन ने मंगलवार को इंदौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रस्तावित फीचर फिल्म 'हनीमून इन शिलांग' का पोस्टर लॉन्च किया.
राजा की पत्नी सोनम और उनके साथियों द्वारा शिलांग के सोहरा में हनीमून के दौरान कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी गई थी.
विपिन ने बताया कि यह फिल्म राजा की मृत्यु से पहले की घटनाओं और इस मामले से जुड़े हालात को दर्शायेगी.
उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि यह फिल्म सच्चाई को सामने लाये. राजा अपनी हनीमून यात्रा के लिये शिलांग गये थे, और वहां उनकी हत्या कर दी गई. इस घटना ने शिलांग की छवि को भी प्रभावित किया."
फिल्म का निर्माण वर्षा टीवी और फिल्म प्रोडक्शन द्वारा किया जायेगा, जिसे निर्देशक एसपी निंबावत निर्देशित करेंगे. कास्टिंग का जिम्मा आकाश शर्मा को सौंपा गया है.
राजा के परिवार का दावा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट में मजबूत कथानक और सस्पेंस को बनाये रखा गया है, जो राजा के अंतिम दिनों में हुए विश्वासघात और भयावहता को दर्शाता है. विपिन ने कहा, "मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी है. इसमें सस्पेंस बरकरार है और यह उन घटनाओं के करीब है जो वास्तव में हुईं."
परिवार ने बताया कि उन्होंने स्क्रिप्ट में कुछ बदलावों का सुझाव दिया है और लेखक के साथ इस पर चर्चा होगी. "हम केवल सच्चाई को दिखाना चाहते हैं," उन्होंने जोड़ा. उनका मानना है कि यह फिल्म जन जागरूकता में मदद करेगी और घटनाओं का एक दर्पण बनकर सामने आयेगी.
विपिन ने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "पुलिस और अदालतें अपना काम कर रही हैं. पुलिस ने सराहनीय काम किया है. जल्द ही चार्जशीट दाखिल होने की उम्मीद है, और राजा के तेरहवें दिन के अनुष्ठान से पहले सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया था. हम इस फिल्म को मेघालय पुलिस के साथ भी साझा करेंगे यह न्याय में योगदान देने का हमारा तरीका है."