तेज रफ्तार वाहन ने कावड़ियों को कुचला, 2 की मौत
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेज रफ्तार वाहन ने कावड़ यात्रियों को कुचल दिया. इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है.
कावड़िये सावन माह के अंतिम सोमवार पर रुद्रेश्वर महादेव में जल चढ़ाने जा रहे थे.एक अन्य घटना में तेज रफ्तार कार की ठोकर से ट्रक चालक और हेल्पर की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना अर्जुनी थाना इलाके की है. ग्राम पेपरछड़ी से साफी संख्या में शिव भक्त कावड़ लेकर रुद्रेश्वर मंदिर के लिए निकले थे.
कावड़िये रविवार रात से निकले थे और अलग-अलग ग्रुप में आगे-पीछे चल रहे थे.
इसी दौरान ग्राम तेलीनसत्ती के पास तरसींवा मोड़ पर अज्ञात वाहन ने तीन कावड़िये राहुल साहू (18), कन्हैया साहू (17) और मोक्ष साहू को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
ठोकर मारने के बाद वाहन चालक वाहन सहित भागने में कामयाब हो गया. हादसे के बाद पीछे आ रहे बाकी कांवड़ियों ने तीनों को एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में राहुल और कन्हैया की मौत हो गई. वहीं मोक्ष साहू का इलाज धमतरी के एक निजी अस्पताल में जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. वहीं दोनों मृतक कांवड़ियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस की टीम कांवड़ियों को ठोकर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है.
कार की टक्कर से ट्रक चालक और हेल्पर की मौत
इधर, कोरबा जिले में नेशनल हाईवे- 130 पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से ट्रक चालक और हेल्पर की मौत हो गई. इस हादसे के बाद गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.
बताया गया कि बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट के पास एक ट्रक खराब हो गया था. जिसे ड्राइवर और हेल्पर दोनों सड़क किनारे खड़े होकर ठीक कर रहे थे.
इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. एक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान मोहम्मद उस्मान (उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़) और 32 वर्षीय कृष्ण मुरारी पांडे (झारखंड गढ़वा) के रूप में हुई है.