शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

तेज रफ्तार बस ट्रक से टकराई, बस चालक और हेल्पर की मौत

H

Hupendra Sharma

14 जुल. 2025, 06:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बस ट्रक से टकराई
बस ट्रक से टकराई

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. जबकि 10 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं. यह हादसा नेशनल हाईवे-30 पर हुआ है.


बस में करीब 35 यात्री सवार थे. हादसे का कारण बस ड्राइवर को झपकी लगना बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.


रायपुर से जगदलपुर आ रही मनीष ट्रैवल की यात्री बस सोमवार को तड़के सुबह 4 बजे के करीब बस्तर थाना क्षेत्र के माजीसा पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से जा टकराई.


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही बस चालक और हेल्पर की मौत हो गई. जबकि 10 से अधिक यात्री बुरी तरह से घायल हो गए.


घटना की सूचना मिलने के बाद बस्तर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.


पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से कटर मशीन से बस के सामने के हिस्से को काटकर बस ड्राइवर और हेल्पर के शव को बाहर निकाला. साथ ही घायलों को एंबुलेंस की मदद से बस्तर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.


जहां से गंभीर रूप से घायलों को जगदलपुर के डिमरापाल अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका ईलाज जारी है,


बस चालक को झपकी लगने से हुआ हादसा

बस्तर थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े के मुताबिक इस हादसे में जिस बस ड्राइवर की मौत हुई है, उसकी पहचान दुर्ग निवासी सत्येंद्र सिंह के रूप में हुई है.


वहीं हेल्पर पुष्पा बीजापुर के रहने वाले थे. दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.


हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. इनमें दो से तीन लोगों को गंभीर चोट आई है.


थाना प्रभारी का कहना है कि सुबह का समय होने की वजह से बस ड्राइवर को झपकी लगने से यह हादसा होना माना जा रहा है.


नेशनल हाईवे- 30 रायपुर से जगदलपुर मार्ग पर पिछले 2 सप्ताह में यात्री बस हादसे की यह सातवीं घटना है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP