भारी बारिश की चेतावनी, जगदलपुर में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी के चलते जगदलपुर में स्कूल बंद
जगदलपुर | संवाददाताः मौसम विभाग ने जगदलपुर सहित बस्तर अंचल में बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर कलेक्टर एस. हरीश ने जिले के सभी स्कूलों को आज 2 जुलाई के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है.
यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है. खासकर सरगुजा संभाग में तो बारिश कहर बरपा रही है.
वहां के नदी-नाले उफान पर हैं. बाढ़ में बहने से तीन लोगों की मौत हो गई है. एक कोटवार लापता है. मानसून की सक्रियता और दुर्घटनाओं से बचने के लिए सरकार पूरी तरह से नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
इसी के मद्देनजर बस्तर सहित कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. जिसके चलते स्कूल बंद करने जैसे कदम ऐहतियातन तौर पर उठाए गए हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. इसी तरह मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में बस्तर, कांकेर, बीजापुर, सूरजपुर, कोरिया, रायगढ़, बालोद, धमतरी सहित अन्य जिले शामिल हैं. यहां बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. राजधानी रायपुर में दिन भर बादल छाए रहेंगे और शाम को भारी बारिश हो सकती है.
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में एक-दो स्थानों पर झमाझम बारिश हुई है.
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया.