कोरबा-रायगढ़ में झमाझम बारिश
कोरबा-रायगढ़ में झमाझम बारिश शुरू
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में अटका मानसून दुर्ग-रायपुर से होते हुए सरगुजा पहुंच गया है. जिसके प्रभाव से कोरबा और रायगढ़ में मंगलवार दोपहर से झमाझम बारिश हो रही है.
लगातार तेज बारिश होने से कई जगहों पर जलभराव हो गया है. वहीं पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 25 जिलों में बारिश हुई है.सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश दुर्ग में रिकॉर्ड की गई है.बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है. प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इनमें गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल है. इस दौरान इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है.
वहीं रायपुर-दुर्ग समेत 10 जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जना और बिजली गिरने की आशंका के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
राजधानी रायपुर में भी मंगलवार शाम को मौसम करवट लेगा और बारिश होने की उम्मीद है.
25 जिलों में हुई बारिश
प्रदेश में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है. सोमवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के 25 जिलों में मौसम ने करवट ली और बारिश हुई.
कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई. वहीं कई जगहों पर खंड वर्षा की स्थिति रही. बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है.
इसी तरह मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है.
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है.