छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन तेज बारिश
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है. बुधवार 6 अगस्त से प्रदेश के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर इसका असर उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिक रहेगा.
यहां अगले पांच दिनों तक बदली-बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं आज यानी मंगलवार को सुकमा, बस्तर, बीजापुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, रायपुर सहित 17 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से धीमी पड़ी बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो रहे थे. दोपहर में तो काफी तेज धूप निकल रही है. बुधवार से उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.
मौसम विभाग की तरफ से जारी अलर्ट के अनुसार मंगलवार को देर शाम से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ एक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इसके बाद अगले 5 दिनों तक उत्तरी प्रदेश में आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. प्रदेश के कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में एक मानसून द्रोणिका अमृतसर से होते हुए अरूणाचल प्रदेश तक फैली हुई है. साथ ही एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक बनी हुई है. जिससे नमी युक्त हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं. इस मौसम तंत्र से पूरे प्रदेश में वर्षा की स्थिति बनी है.
प्रदेश में पिछले 48 घंटों में दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है.
बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में कई जगहों पर मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई है.
बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश कुसमी और बलरामपुर में 11 सेमी, चांदो में 5 सेमी और अंबिकापुर व रामानुजगंज में 4 सेमी दर्ज की गई.
इसके अलावा भैयाथान, वांड्राफनगर, कापू, चांपा, लुंड्रा और दरिमा में 1 से 2 सेमी बारिश दर्ज की गई है.
तापमान की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.2°C रायपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6°C पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया.