छत्तीसगढ़ में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. पिछले कुछ दिनों से रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लोग भीषण उमस से परेशान थे, लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है. राज्य में सक्रिय तीन नए मौसम तंत्रों के प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मॉनसून द्रोणिका के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम बिहार और आंध्र प्रदेश से सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
इन प्रणालियों के संयुक्त असर से प्रदेश भर में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है.
विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट भी जारी किया है.
राजधानी रायपुर में भी बादलों के डेरे के बीच गरज-चमक के साथ बारिश के पूरे आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.