गुरू, 05 नव. 2026

CGKhabar

गोकुल डेयरी विवाद: राहुल गांधी ने भाजपा पर लगाया जनादेश चोरी का आरोप

महाराष्ट्र कैबिनेट द्वारा सहकारी संस्थाओं में मनोनीत निदेशकों की नियुक्ति के फैसले पर राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है. कांग्रेस का आरोप है कि गोकुल डेयरी चुनाव में हार के बाद भाजपा बहुमत हासिल करने के लिए नियम बदल रही है.

C

CG Khabar

05 नव. 2026, 02:21 PM 2 मिनट में पढ़ें 39

राहुल गांधी- फाइल फोटो
राहुल गांधी- फाइल फोटो

नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ (गोकुल डेयरी) में भाजपा पर जनादेश पलटने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने दावा किया है कि चुनाव में हार का सामना करने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सहकारी संस्था पर नियंत्रण हासिल करने के उद्देश्य से चुनाव के बाद नियमों में बदलाव किया है.

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के एक पोस्ट को साझा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गोकुल में दूध उत्पादकों ने भाजपा को हराया है. इसके बाद चुनाव संपन्न होने के बाद नियम बदलकर 4 निदेशकों को शामिल करने और संख्या 12 से बढ़ाकर 16 करने की कोशिश की जा रही है ताकि बहुमत हासिल किया जा सके. 

उन्होंने इसे दूध उत्पादकों के वोटों की चोरी और जनादेश में मिलावट करार दिया. राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने वाली भाजपा यह याद रखे कि किसान अपने साथ हुए इस धोखे को भूलते नहीं हैं.

पवन खेड़ा ने अपनी पोस्ट में बताया कि 19 अक्टूबर को हुए चुनावों में कांग्रेस समर्थित पैनल ने 25 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया था, जबकि महायुति को 12 सीटें मिली थीं. चुनाव के बाद महायुति समर्थित निदेशकों के अनुपस्थित रहने के कारण अध्यक्ष का चुनाव रुक गया, जिसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने 10 नवंबर को नए सिरे से चुनाव कराने का निर्देश दिया. 

खेड़ा ने आरोप लगाया कि चुने हुए बोर्ड को काम करने देने के बजाय राज्य कैबिनेट ने 500 करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक टर्नओवर वाली सहकारी संस्थाओं में मतदान के अधिकार वाले सरकारी निदेशकों को मनोनीत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. कांग्रेस ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है.

दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी इस कदम की तीखी आलोचना की है. उन्होंने 5.5 लाख मतदाताओं के जनादेश को दरकिनार कर मनोनीत सदस्य नियुक्त करने के फैसले को 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि' बताया है. 

रोहित पवार ने लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों से अध्यक्ष चुनाव के दिन गोकुल डेयरी का घेराव करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेज पाटिल या कोल्हापुर का नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP