कच्चे मकान की दीवार गिरने से बच्ची की मौत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तेज बारिश से एक कच्चा मकान ढह गया. मकान के मलबे में दबने से 8 साल की बच्ची की मौत हो गई. वहीं परिवार के 4 लोग घायल हो गए. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना रामानुजगंज थाना क्षेत्र की है. बताया गया कि लगातार बारिश के चलते शनिवार को सुबह करीब 5 बजे वार्ड क्रमांक 13 में एक कच्चा मकान ढह गया.
मकान के गिरने पर मलबा पड़ोसी प्रमोद रवि के घर गिरा तो उनके मकान की भी दीवार गिर गई.
इस समय प्रमोद रवि (35 वर्ष). पत्नी सुनीता देवी व तीन बच्चे राधा (10 साल), खुशबू (8 साल) और काजल (9 वर्ष) अंदर सो रहे थे. सभी लोग मलबे में दब गए.
घटना के बाद चीख पुकार मच गई. जिसे सुन आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटा कर सभी लोगों को बाहर निकाला.
तत्काल ही सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया. जहां खुशबू की मौत हो गई. वह कक्षा चौथी की छात्रा थी.
बाकी सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है. बताया जा रहा है कि सभी की स्थिति खतरे से बाहर है.
घटना की जानकारी मिलते ही रामानुजगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
बताया जा रहा कि जिस पड़ोसी पिंटू भुईयां का मकान गिरा है उस कच्चे मकान को नगर पालिका ने जर्जर घोषित कर तोड़ने का आदेश दिया था. आज उसे तोड़ा जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा है गया.
इधर घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है प्रशासन ने जब मकान को जर्जर घोषित कर दिया था तो उसे बारिश से पहले की तोड़ दोना था. समय रहते मकान को ढहा दिया जाता तो आज यह घटना नहीं होती.