सरगुजा में गेरसा बांध टूटा, कई एकड़ में लगी फसल बर्बाद
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुण्ड्रा ब्लॉक में स्थित गेरसा बांध शनिवार को टूटा गया. बांध के मेड़ टूटने से करीब 30 एकड़ खेतों में पानी भर गया है. जिसमें से करीब 10 एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गई है. इस हादसे में किसानों को काफी नुकसान हुआ है. बांध लबालब भरा हुआ है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात से ही बांध में रिसाव शुरू हो गया था, लेकिन शनिवार सुबह लगभग नौ बजे बांध का मेड़ बह गया और पानी का तेज बहाव शुरू हो गया .
गनीमत है कि बांध के निचले हिस्से में कोई बस्ती नहीं है, जिससे जनहानि की आशंका टल गई.
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विलास भोस्कर के साथ जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. बांध के मेड़ का किनारे का हिस्सा टूटा है, जिसकी मरम्मत शुरू करा दी गई है. कलेक्टर ने प्रभावित किसानों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया है.
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत गेरसा का सिंचाई बांध बारिश में लबालब भरा हुआ था. बांध में क्षमता से अधिक पानी भर गया था, लेकिन देखरेख में लापरवाही बरतने की वजह से बांध टूट गया.
ग्रामीणों ने बताया कि बांध के मेड़ से पानी का लगातार रिसाव हो रहा था. शनिवार सुबह करीब 9 बजे बांध के मेड़ का 11 फुट हिस्सा बह गया.
पानी तेजी से निचले इलाकों में भरने लगा. मेड़ की मिट्टी के साथ पानी से करीब 10 एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है.
बताया गया कि शनिवार की सुबह करीब 9 बजे कुछ चरवाहे मवेशी लेकर चराने जंगल की ओर जा रहे थे. तभी उन्हें पानी की तेज आवाज सुनाई दी.
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बांध के एक साइड गेट के पास टूट गया था, जो धीरे-धीरे बढ़ते-बढ़ते लगभग 3 मीटर चौड़ा हो गया था.
जल संसाधन विभाग के ईई अशोक निरंजन ने बताया कि बांध के मेड़ में कटाव रुक गया है, जिसके बाद विभाग ने मरम्मत शुरू करा दिया है. बांध के किनारे का हिस्सा टूटा था, जिसके कारण ज्यादा क्षति नहीं हुई. बांध में करीब 10 मीटर पानी अब भी भरा हुआ है.
बताया गया कि गेरसा बांध का निर्माण साल 1990 हुआ था. इस बांध की सिंचाई क्षमता करीब 84 हेक्टेयर है. बांध के मेड़ के उपरी हिस्से से पानी लगातार रिस रहा था.
ग्रामीणों के अनुसार, विभाग ने सालों से इस बांध की मरम्मत नहीं की है और न ही निरीक्षण किया.
मंगलवार को टूटा था लुत्ती बांध
इससे पहले मंगलवार को सरगुजा संभाग के लुत्ती बांध टूट गया था. बांध टूटने से इसके नीचे स्थिति चार घरों को पानी बहा ले गया था.
पानी में एक ही परिवार के 6 लोगों सहित 8 लोग बह गए थे. जिसमें से अब तक 6 लोगों की लाश मिल चुकी है.
बलरामपुर जिले ग्राम धनेशपुर में जल संसाधन विभाग द्वारा लुत्ती बांध को साल 1980-81 में बनाया गया था. कुछ साल पहले बांध में सीपेज हुआ था. जिस पर इसकी मरम्मत भी की गई थी.