शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

गौरेला: मंडी टैक्स चोरी उजागर करने वाले पत्रकार से मारपीट

C

CG Khabar

22 जून 2026, 03:24 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

मारपीट
मारपीट

पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला में मंडी टैक्स चोरी और अवैध परिवहन की शिकायत करने वाले स्थानीय पत्रकार विपिन जैन और उनके परिवार पर हमले का एक गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि शिकायत से बौखलाए एक चिरौंजी व्यापारी और उसके परिजनों ने पत्रकार को रास्ते में रोककर उनके साथ जमकर मारपीट की. 


घटना के बाद जब मामला थाने पहुंचा, तो वहां भी पुलिसकर्मियों के सामने दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई होने की बात कही जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल 11 लोगों के खिलाफ काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


पूरे मामले की जड़ मंडी टैक्स से जुड़ी हुई है. दरअसल, पत्रकार विपिन जैन ने सूर्या ट्रेडिंग कंपनी के संचालक सुबोध जैन के खिलाफ बिना वैध कागजातों के चिरौंजी का परिवहन करने और मंडी टैक्स की चोरी करने की लिखित शिकायत मंडी प्रशासन से की थी. 


आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सुबोध जैन, ललित जैन, सुकांत जैन, सलभ जैन, शौर्य जैन और अग्रिम जैन ने एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे पत्रकार विपिन जैन का रास्ता रोका, गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट की. 


पत्रकार ने किसी तरह वहां से भागकर थाने में शरण ली, लेकिन आरोपी पक्ष भी थाने के भीतर पहुंच गया और पुलिस की मौजूदगी में ही दुर्व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी.


इस वारदात के बाद से जहां स्थानीय पत्रकारों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है, वहीं मंडी विभाग के अफसरों की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में आ गई है. 


आरोप लग रहे हैं कि मंडी अधिकारियों ने ही शिकायतकर्ता पत्रकार की पहचान और शिकायत से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करके संबंधित व्यापारी तक पहुंचाई, जिसके कारण यह जानलेवा विवाद खड़ा हुआ. हालांकि, इस गंभीर आरोप पर मंडी प्रशासन ने अभी तक अपनी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.


इधर, कानून व्यवस्था को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मुताबिक, घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी थी. 


पुलिस ने संतुलन बनाते हुए दोनों पक्षों पर नामजद एफआईआर दर्ज की है. व्यापारी पक्ष की क्रॉस रिपोर्ट पर पत्रकार विपिन जैन समेत विवेक जैन, विमल जैन, नीरज जैन और विनीत जैन के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. 


पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौके के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं आम हैं और लोग मामले की पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP