गरियाबंद: गजपल्ला वाटरफॉल में रायपुर के युवक की डूबने से मौत
गरियाबंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल में रायपुर से अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा एक युवक नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूब गया. अपने साथी को आंखों के सामने डूबता देख दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की तुरंत सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी है.
इस दुखद घटना के साथ ही पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की खतरनाक लापरवाही भी उजागर हुई है. हादसे के वक्त के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कई युवा वाटरफॉल के आसपास जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं.
इस तरह की बेपरवाह गतिविधियों ने प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजामों को लेकर एक बार फिर बड़ी चिंता पैदा कर दी है.
हादसे के बाद से ही गजपल्ला वाटरफॉल में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं. स्थानीय लोगों और सैलानियों के बीच चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त निगरानी प्रणाली और सुरक्षित दायरे के निर्धारण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फिलहाल प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर डटी हुई है और रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ-साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है.