रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दोस्त के 'भूत' ने कराया सरेंडर: अंबिकापुर में हत्या कर घर में ही दफना दी थी लाश

C

CG Khabar

02 अप्रै. 2026, 03:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जेल
जेल

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक रूहानी और खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां अंधविश्वास और अपराध के मेल ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है. गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को अपने घर के भीतर दफन कर दिया. 


लेकिन हत्या के कुछ ही दिनों बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और दावा किया कि उसे मृतक का भूत डरा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने घर के अंदर से क्षत-विक्षत लाश बरामद की.

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, घटना 24 और 25 मार्च की दरमियानी रात की है. आरोपी मिथलेश कुजूर (37) के घर उसका दोस्त बृजलाल अगरिया (35) नशे की हालत में पहुंचा और साथ में शराब पीने की जिद करने लगा. नवरात्रि का समय होने के कारण मिथलेश ने मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. 


इस दौरान बृजलाल ने मिथलेश का मोबाइल तोड़ दिया, जिससे आक्रोशित होकर मिथलेश ने डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने के लिए मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर घर के भीतर ही गड्ढा खोदा और लाश को दफनाकर ऊपर से प्लाईवुड और मिट्टी डाल दी.


वारदात के बाद आरोपी दंपति फरार हो गए थे, लेकिन मिथलेश को मानसिक रूप से बेचैनी होने लगी. उसने पुलिस को बताया कि उसे लगातार अपने दोस्त का भूत दिखाई दे रहा है, जो उससे अपने अंतिम संस्कार की मांग कर रहा है. 


इसी 'भूतिया' डर और पछतावे के कारण मंगलवार रात उसने थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने बुधवार को फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घर की खुदाई कर शव बरामद किया. 


नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बताया कि हालांकि आरोपी इसे भूत का साया बता रहा है, लेकिन पुलिस इसे भारी मनोवैज्ञानिक दबाव और अपराध बोध मान रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP