रायपुर में फ्लाइट का गेट हुआ लॉक, फंसे रहे भूपेश-मीनल सहित कई यात्री
रायपुर में फ्लाइट का गेट लॉक होने से भूपेश बघेल सहित कई यात्री फंसे रहे
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में बुधवार को इंडिगो के विमान में खराबी आ गई. जिस वजह से विमान में सवार यात्री करीब 40 मिनट तक फंसे रहे.
विमान में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, सरायपाली की कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित कई यात्री सवार थे.
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 6E-6312 रायपुर पहुंची. एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के बाद विमान का दरवाजा लॉक हो गया. तकनीकी खराबी आ जाने से दरवाजा नहीं खुल रहा था.
इससे अंदर फंसे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. दरवाजा खोलने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया.
करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुला. तब यात्रियों ने राहत की सांस ली. दरवाजा खुलते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस फ्लाइट में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, सरायपाली की कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और रायपुर मेयर मीनल चौबे समेत कई यात्री सवार थे.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कुछ टेक्निकल प्रॉब्लम रहा होगा. गेट लॉक होने की वजह से करीब 40 मिनट तक अंदर फंसे रहे. उन्होंने कहा कि विमान सीढ़ी वाला नहीं था. एयरोब्रिज लगता है, उसके चलते दरवाजा खुल नहीं रहा था.
सरायपाली से कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने बताया कि उनके साथ उनके पति भी विमान में थे. वे दिल्ली से रायपुर आए थे. रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के बाद फ्लाइट का दरवाजा नहीं खुल रहा था. इस दौरान उनके पति घबरा रहे थे.
रायपुर महापौर मीनल चौबे ने बताया कि फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हुई है. प्लेन के अंदर गेट में जो स्क्रीन रहती है उसमें कुछ नहीं बता रहा था. इसी वजह से गेट नहीं खुल रहा था. इससे बाहर आने में लेट हुआ है.