रायपुर के बिस्किट फैक्ट्री में अग्निकांड, करोड़ों का नुकसान
रायपुर । डेस्क: रायपुर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र उरला मेटल पार्क के रावाभाटा इलाके से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. यहाँ स्थित 'भारती फूड्स' नामक बिस्किट निर्माण इकाई में शनिवार को अचानक भयानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया.
इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. दूर से ही धुएं के गुबार को देखकर लोग सहम उठे.
हादसे की भयावहता को देखते हुए तत्काल पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को सूचित किया गया, जो दलबल के साथ मौके पर पहुँचे.
रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया.
शुरुआती दौर में फैक्ट्री परिसर के भीतर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल आए और इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की असल वजह क्या थी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. इस शॉर्ट-सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
इस वीभत्स आग के कारण फैक्ट्री में मौजूद भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार बिस्किट का स्टॉक और कीमती मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं.
शुरुआती अनुमानों के अनुसार, कंपनी को करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है. फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा.