जगदलपुर केंद्रीय जेल में महिला बंदी ने लगाई फांसी
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित जगदलपुर केंद्रीय जेल में एक महिला विचाराधीन कैदी ने जेल के भीतर कथित तौर पर अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस सनसनीखेज घटना के बाद से हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले केंद्रीय जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. घटना रविवार तड़के की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दरभा ब्लॉक के चितापुर निवासी जयमती बघेल के रूप में हुई है. जयमती लगभग दो महीने पहले अपने ही चाचा की हत्या के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेजी गई थी. बताया जा रहा है कि मृतका का चाचा लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ और प्रताड़ना कर रहा था, जिससे तंग आकर जयमती ने आवेश में इस वारदात को अंजाम दिया था.
जेल सूत्रों और प्राथमिक जांच के मुताबिक, जेल में आने के बाद से ही जयमती गहरे मानसिक तनाव और अकेलेपन से गुजर रही थी. उसके तीन छोटे बच्चे हैं, और जेल में बंद होने के बाद से उसके पति या परिवार का कोई भी सदस्य उससे मिलने नहीं आया था.
माना जा रहा है कि इसी भारी मानसिक तनाव और अपनों से दूरी के कारण उसने रविवार तड़के यह आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
इस संवेदनशील मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
पुलिस मुख्य रूप से इस बात की पड़ताल कर रही है कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद महिला को ऐसा कदम उठाने का मौका कैसे मिला, क्या सीसीटीवी या प्रहरियों की निगरानी में कोई चूक हुई थी, और क्या जेल प्रशासन ने उसकी मानसिक स्थिति को भांपकर कोई आवश्यक कदम उठाए थे या नहीं. फिलहाल इस घटना ने जेलों में कैदियों की सुरक्षा और उनके मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के दावों की पोल खोल कर रख दी है.