महिला जनपद सदस्य 9 दिनों से लापता
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में कांग्रेस नेत्री और जनपद सदस्य रैयमती कोर्राम बीती 9 दिनों से लापता हैं. वह अपने घर से अस्पताल जाने के लिए निकली थी. लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटी हैं.
उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है. जनपद सदस्य के पति जयलाल कोर्राम ने बुधवार को फरसगांव थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है.
लापता रैयमती कोर्राम फरसगांव जनपद पंचायत के वार्ड नंबर- 8 की जनपद सदस्य हैं. 9 जुलाई को करीब 3 से 4 बजे के बीच वह घर से निकली थी. घर से कोंडागांव में इलाज कराने जाने की बात कहकर निकली थीं. उसी दिन रात होने के बाद भी जब रैयमती नहीं लौटी तो परिजनों ने फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद आया.
इस बीच परिजनों ने रिश्तेदारों से पूछताछ की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला. काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने बताया कि रैयमती घर से निकलते समय सोने का मंगलसूत्र, कान में सोने के टॉप्स और नाक में सोने की फूली पहने हुई थी.
वह हिंदी, हल्बी और छत्तीसगढ़ी भाषा अच्छी तरह बोल लेती हैं. पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है.