बलरामपुर में ट्रक की ठोकर से ससुर-दामाद की मौत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर-दामाद की मौत हो गई. दोनों बाइक में सवार होकर जा रहे थे, उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक घटना वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के मोरन चौक की है.
बताया गया कि इंजानी निवासी संतोष पटेल अपने ससुर गिरजा शंकर पटेल के साथ बाइक में सवार होकर वाड्रफनगर जाने के लिए निकला था.
इसी दौरान अंबिकापुर-वाराणसी मुख्य मार्ग में मोरन चौक के आगे एक ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.
ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि ठोकर लगते ही बाइक सवार ससुर-दामाद काफी दूर फेंका गए. दोनों के कई अंग शरीर से कटकर अलग हो गए.
सिर में भी गंभीर चोट आने से मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. तत्काल वाड्रफनगर चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
मृतकों की शिनाख्त के बाद घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. साथ ही फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामले दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.