बाप-बेटे ने की पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर के सड्डू में बाप-बेटे ने मिलकर पत्थर से कुचलकर एक युवक की हत्या कर दी. पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है.
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं बेटा घटना के बाद से फरार है. घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. राजधानी रायपुर में पिछले 7 दिनों में यह सातवीं हत्या की घटना है.
पुलिस के मुताबिक घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है. बीती रात को सड्डू के बैरागी बाड़ा में रहने वाले अर्जुन बैरागी और राजा चंदवानी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ.
इस बीच अर्जुन का पिता भी मौके पर पहुंच गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अर्जुन और उसके पिता ने मिलकर राजा पर पत्थर से हमला कर दिया.
सिर पर वार करने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी अर्जुन फरार है. जबकि उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
जिस पत्थर से युवक की हत्या की गई, पुलिस ने उसे भी जब्त किया है. विधानसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.