Fastag वार्षिक पास 15 अगस्त से
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने निजी वाहन चालकों के लिये एक नई और सुविधाजनक पहल की घोषणा की है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि 15 अगस्त 2025 से एक नया फास्टैग आधारित वार्षिक पास शुरू किया जायेगा. इस पास की कीमत मात्र 3,000 रुपये होगी, और यह निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिये उपलब्ध होगा. यह पास एक साल या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले पूरा हो, वैध रहेगा.
सुगम और त्वरित यात्रा का वादा
नितिन गडकरी ने इस योजना को राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को और आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि इस वार्षिक पास के जरिये निजी वाहन चालक बिना किसी रुकावट के देशभर के टोल प्लाजा पर यात्रा कर सकेंगे. यह पास खास तौर पर गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिये डिज़ाइन किया गया है, जिससे आम लोगों को टोल भुगतान में सहूलियत मिलेगी.
राजमार्ग यात्रा ऐप और वेबसाइट पर सुविधा
इस नई योजना के तहत वार्षिक पास को सक्रिय करने और नवीनीकरण करने के लिये जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप (Rajmarg Yatra App) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) या सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की आधिकारिक वेबसाइट्स पर एक विशेष लिंक उपलब्ध कराया जायेगा. इससे पास प्राप्त करने और उसे प्रबंधित करने की प्रक्रिया बेहद सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगी.
टोल प्लाजा की समस्याओं का समाधान
गडकरी ने अपने बयान में कहा कि यह नीति टोल प्लाजा पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं, जैसे 60 किलोमीटर के दायरे में बार-बार टोल भुगतान, को हल करने में मदद करेगी. यह पास एकमुश्त भुगतान के जरिये टोल प्रक्रिया को सुगम बनायेगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और टोल बूथ पर भीड़भाड़ कम होगी.
बेहतर यात्रा अनुभव की गारंटी
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह वार्षिक पास न केवल प्रतीक्षा समय को कम करेगा, बल्कि टोल प्लाजा पर होने वाले विवादों को भी खत्म करेगा. यह योजना लाखों निजी वाहन चालकों को तेज, सुगम और परेशानी-मुक्त यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिये तैयार की गई है.
हालांकि बड़ी संख्या में लोगों का सवाल है कि व्यावसायिक वाहन तो पैसे कमाते हैं. लेकिन पहले से ही रोड टैक्स और गाड़ी पर टैक्स देने वाले आम आदमी से टोल टैक्स क्यों वसूला जाता है.