कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर हमला
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित 'कैप्स कैफे' पर हाल ही में अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया. यह कैफे, जो कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी द्वारा शुरू किया गया एक ड्रीम प्रोजेक्ट है. रात करीब एक बजे हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं. सौभाग्यवश, उस समय कैफे बंद था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ.
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जा रही है. पुलिस के अनुसार, कुल छह राउंड गोलियां चलाई गईं.
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है. कपिल शर्मा की टीम ने बताया कि कपिल वर्तमान में कनाडा में नहीं हैं, लेकिन इस खबर से वे काफी आहत हैं.
कनाडा में पहले भी भारतीयों के स्वामित्व वाले व्यवसायों पर हमले की घटनायें हो चुकी हैं. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हमले का कोई आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं.
प्रशासन ने लोगों से शांति और सतर्कता बनाये रखने की अपील की है. कपिल या उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
कपिल शर्मा अपनी कॉमेडी और 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के लिये जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने फिटनेस पर ध्यान देकर अपनी नई छवि बनाई है, जिसे लेकर भी प्रशंसकों में उत्साह है.
हालांकि, इस कैफे पर हमले की घटना ने उनके प्रशंसकों को चिंतित कर दिया है.