जगदलपुर में रिश्वत लेते कार्यपालन अभियंता गिरफ्तार
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को 2 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. उन्होंने एक ठेकेदार से बिल भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी. ठेकेदार इससे परेशान था.
लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता अजय कुमार के पास ठेकेदार रमेश यादव ने बिल भुगतान के लिए आवेदन लगाया था. बिल पास करने के लिए अजय कुमार ने ठेकेदार से 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी. ठेकेदार रिश्वत नहीं देना चाहता था. उसने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी. एसीबी की टीम ने पहले मामले की जांच कराई.
जांच में पुख्ता सबूत मिलने के बाद छापे मारी की योजना तैयार की. रिश्वत देने के लिए आज यानी शुक्रवार का दिन तय किया गया. योजना के मुताबिक ठेकेदार आज जगदलपुर शहर के साकेत कॉलोनी स्थित कार्यपालन अभियंता के सरकारी आवास में राशि देने पहुंचा.
उसी समय एसीबी की टीम ने दबिश देकर रिश्वतखोर ईई अजय कुमार को रंगे हाथों पकड़ लिया. फिलहाल एसीबी की टीम उनके सरकारी आवास और दफ्तर में तलाशी अभियान चला रही है. साथ ही पूछताछ भी कर रही है.