मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

पटवारी-IR विभागीय परीक्षा पेपर लीक केस में EOW-ACB की कार्रवाई, दिल्ली से दो भाई गिरफ्तार

साल 2024 में हुई पटवारी से आरआई विभागीय पदोन्नति परीक्षा का पर्चा लीक करने के आरोप में रायपुर EOW-ACB ने दिल्ली से दो सगे भाइयों वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय ने 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.

C

CG Khabar

16 नव. 2026, 07:32 PM 3 मिनट में पढ़ें 454

EOW-ACB Raipur
EOW-ACB Raipur

रायपुर । संवाददाता: राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW-ACB) रायपुर की टीम ने साल 2024 में आयोजित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) विभागीय पदोन्नति परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं, जिनकी पहचान मध्य प्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घना की गड़िया निवासी स्वर्गीय नथूराम जाटव के पुत्र वीर सिंह जाटव (35 वर्ष) और अरविंद जाटव (41 वर्ष) के रूप में हुई है.

ईओडब्ल्यू की टीम दोनों आरोपियों को दिल्ली से लेकर रायपुर पहुंची और सोमवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विशेष न्यायालय में पेश किया. अदालत ने दोनों को आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है, जिसके तहत वे 23 नवंबर 2026 तक पुलिस की हिरासत में रहेंगे.

जांच एजेंसी ने इस मामले में अपराध क्रमांक 64/2025 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान प्रतिभूति की कूटरचना), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से कूटरचना), 471 (कूटरचित दस्तावेज को असली के रूप में उपयोग करना) और 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है.

गौरतलब है कि भू-अभिलेख आयुक्त द्वारा पटवारियों को आरआई प्रशिक्षण के लिए चुनने हेतु 7 जनवरी 2024 को राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा 2024 का आयोजन किया गया था, जिसमें 216 उम्मीदवारों का चयन हुआ था. 

परीक्षा में हुई अनियमितताओं को लेकर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्च स्तरीय जांच रिपोर्ट के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने यह जांच ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंपी थी. ब्यूरो ने अपनी प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर विधिवत अपराध दर्ज किया.

अब तक की जांच में यह खुलासा हुआ है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्न पत्र मुद्रण समिति (प्रिंटिंग कमेटी) से जुड़े सह-आरोपी वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा. आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र लीक कर दिया और मोटी रकम के बदले इसे इच्छुक अभ्यर्थियों को अवैध रूप से उपलब्ध कराया.

मामले की पुष्टि के लिए अधिकारियों ने 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष शिनाख्त परेड कराई. इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी पटवारियों ने दोनों आरोपियों की पहचान उन व्यक्तियों के रूप में की, जिन्होंने लीक हुए प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए थे, लीक सामग्री के जरिए परीक्षा पूर्व तैयारी के लिए जगह की व्यवस्था की थी और अवैध रूप से पैसे वसूले थे.

मामले में संलिप्तता के स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है और प्रकरण में आगे की जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP